सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित कंदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी निवासी स्वर्गीय भाजोहरी महली की पुत्री अल्पना महली ने कपाली थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि 15 जून 2026 को कपाली पुलिस ने उसकी एक सहेली के लापता होने के मामले में पूछताछ के लिए उसे कपाली ओपी बुलाया था।


पीड़िता का आरोप है कि कपाली ओपी पहुंचने के बाद थाना प्रभारी धीरंजन कुमार के कक्ष में बंद कमरे में करीब तीन घंटे तक उसके साथ मारपीट की गई। उसने दावा किया कि इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों के साथ कुछ पुरुष पुलिसकर्मियों ने भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया।
परिजनों के अनुसार, कथित मारपीट के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई है और उसे चिकित्सकीय उपचार की आवश्यकता है। घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और आदिवासी समाज में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा पीड़िता को उचित उपचार, सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जाए। फिलहाल इस मामले में कपाली पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

