हजारीबाग: बड़कागांव स्थित बादाम-गोंदलपुरा कोल परियोजना के विरोध के बीच सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात एक बड़ी घटना सामने आई। बादाम-मोतरा मुख्य मार्ग पर स्थित एनटीपीसी की एमडीओ कंपनी बीजीआर के पोटा केबिन को अज्ञात लोगों ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।


जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने पोटा केबिन में तोड़फोड़ की और उसे पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है तथा आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बादाम-गोंदलपुरा कोल परियोजना को लेकर लंबे समय से विरोध प्रदर्शन जारी है। ग्रामीणों के अनुसार, करीब एक वर्ष पूर्व स्थापित इस पोटा केबिन को लेकर भी लगातार असंतोष बना हुआ था। फिलहाल पुलिस अज्ञात लोगों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

