कोडरमा: जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है।


जानकारी के अनुसार, एक क्रशर यूनिट से इन्वर्टर, बैटरी और अन्य सामान की चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम क्षेत्र के कबाड़ी दुकानों में तलाशी अभियान चला रही थी। तलाशी के दौरान एक कबाड़ी दुकान पर कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिस टीम पर पथराव तथा धक्का-मुक्की की घटना हुई। इस दौरान थाना प्रभारी सहित कई जवान घायल हो गए। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए अभियान जारी रखा और मौके से कई संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस ने चोरी से जुड़े कुछ सामान बरामद करने का भी दावा किया है।
घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया गया है और सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

