रामगढ़-पतरातू मुख्य मार्ग पर डिवाइडर से टकराई बाइक, दो युवकों की दर्दनाक मौत

Spread the love

रामगढ़-पतरातू मुख्य मार्ग पर भदानीनगर ओपी क्षेत्र के बोंगरा के समीप सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मंगलवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे पड़े शवों पर पड़ी, जिसके बाद घटना की सूचना भदानीनगर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मृतकों की पहचान कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बोंगरा के पास अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं। कई बार नगर परिषद से डिवाइडर के पास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।