रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) ने उद्योगोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल कौशल से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जोहो कॉर्पोरेशन के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य उद्योग जगत और अकादमिक संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत करना तथा विद्यार्थियों को प्रौद्योगिकी-सक्षम शिक्षण के अवसर उपलब्ध कराना है।


एमओयू हस्ताक्षर समारोह के बाद जोहो कॉर्पोरेशन के वाइस प्रेसिडेंट (ग्लोबल एलायंसेस) के. पी. नारायणन ने “लर्निंग टू लर्न” विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। उन्होंने तेजी से बदलते व्यावसायिक और तकनीकी परिवेश में आजीवन सीखने, अनुकूलनशीलता और कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बने रहने, बदलावों को अपनाने और निरंतर अपने ज्ञान एवं कौशल को अद्यतन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन, कुलसचिव प्रो. एस. बी. डांडिन सहित विभिन्न संकायाध्यक्ष, वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रबंधन विभाग के शिक्षक और अधिकारी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में रापगुरु के निदेशक सीए राकेश सिंह भी शामिल थे।
यह समझौता जोहो कॉर्पोरेशन की “जोहो एडुकनेक्ट” पहल के अंतर्गत किया गया है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप डिजिटल एवं एंटरप्राइज एप्लिकेशन संबंधी कौशल प्रदान करना है। इसके तहत एसबीयू के विद्यार्थियों को जोहो बुक्स पर प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो एक प्रमुख क्लाउड-आधारित अकाउंटिंग और बिजनेस मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म है।
इस सहयोग के माध्यम से छात्रों को जोहो बुक्स के स्टूडेंट एडिशन की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे क्लाउड-आधारित अकाउंटिंग और व्यावसायिक अनुप्रयोगों में व्यावहारिक दक्षता विकसित कर सकेंगे। साथ ही, मूल्यांकन और प्रमाणन की व्यवस्था भी होगी, जिससे विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता बढ़ेगी और वे लेखांकन, वित्त, उद्यमिता एवं व्यवसाय प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में बेहतर करियर अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
इसके अतिरिक्त, जोहो के विशेषज्ञों और प्रमाणित प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा। यह पहल विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच नवाचार, डिजिटल परिवर्तन और सतत सीखने की संस्कृति को प्रोत्साहित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एसबीयू के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान तथा राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इस एमओयू पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों के भविष्य और उद्योग-सम्मिलित शिक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

