रांची: झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इंडिया गठबंधन समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की जीत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में महागठबंधन के नेताओं और विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी रणनीति, गठबंधन की एकजुटता और मतदान की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा के अलावा झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह सहित कांग्रेस और महागठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने राज्यसभा चुनाव में गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में मजबूती से समर्थन देने पर सहमति जताई।
बैठक के बाद मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती और बेहतर समन्वय के साथ चुनाव मैदान में उतरा है। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन के पास पर्याप्त संख्या बल है और सभी विधायक एकजुट होकर मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि गठबंधन झारखंड के हितों और जनता से जुड़े मुद्दों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रहा है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी उम्मीदवार की राजनीतिक प्रतिबद्धता को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जबकि इंडिया गठबंधन साझा विचारधारा और जनहित के मुद्दों पर एकजुट है। उन्होंने विश्वास जताया कि गठबंधन के दोनों उम्मीदवार चुनाव में जीत हासिल करेंगे।
बैठक में मौजूद अन्य नेताओं ने भी कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन को दोहराते हुए कहा कि चुनाव संपन्न होने तक संगठन के सभी पदाधिकारी और विधायक सक्रिय भूमिका निभाएंगे तथा मतदान तक बेहतर समन्वय बनाए रखेंगे।
इस अवसर पर राजद प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक संजय सिंह यादव, श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव, राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान, विधायक नरेश सिंह, राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला प्रसाद यादव सहित कई वरिष्ठ नेता और विधायक उपस्थित रहे।

