जामताड़ा में वज्रपात का कहर, आम चुनने गई 13 वर्षीय बच्ची की मौत, एक किशोर गंभीर रूप से घायल

Spread the love

जामताड़ा: जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत अंबा गांव में मंगलवार दोपहर वज्रपात की दर्दनाक घटना में एक 13 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब दो बजे गांव के पांच बच्चे बारिश के दौरान आम चुनने के लिए आम के पेड़ के पास गए थे। इसी दौरान अचानक तेज वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से श्रिया बाउरी (13) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दिनू दास (16) गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुंडहित ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने श्रिया बाउरी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दिनू दास को बेहतर इलाज के लिए सिउड़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली तथा परिजनों को सरकारी सहायता और मुआवजा प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी।

इस दुखद घटना के बाद अंबा गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, परिजनों ने फिलहाल पोस्टमार्टम कराने पर सहमति नहीं जताई है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।