गिरिडीह: गिरिडीह जिले के गांडेय विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। मंगलवार को खावन पंचायत में खावन नदी पर नवनिर्मित पुल सहित कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने फीता काटकर योजनाओं का लोकार्पण किया, जिससे ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।


ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से जगमनरायडीह और खावन गांव को जोड़ने के लिए खावन नदी पर 58.08 मीटर लंबा आधुनिक पुल का निर्माण कराया गया है। लगभग 2.38 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह पुल अत्याधुनिक और मजबूत तकनीक से तैयार किया गया है, जिससे वर्षभर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मुख्य सड़क से पंचायत भवन खावन तक तथा नवाडीह से तितोया तक नई सड़कों का भी उद्घाटन किया गया। इन सड़क परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है।
इन विकास कार्यों से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बरसात के दौरान नदी पार करने की समस्या समाप्त होगी, जिससे विद्यार्थियों, किसानों और मरीजों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही बाजार, विद्यालय और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंच भी आसान हो जाएगी।
स्थानीय लोगों ने इन परियोजनाओं को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल बताया है। उनका मानना है कि बेहतर सड़क और पुल व्यवस्था से न केवल दैनिक जीवन सुगम होगा, बल्कि व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे गांडेय क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

