अंगदान से कई लोगों को मिल सकता है नया जीवन, जागरूकता बढ़ाने की जरूरत : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

Spread the love

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों से अंगदान के प्रति जागरूक होने की अपील करते हुए कहा कि एक व्यक्ति का अंगदान कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने कहा कि अंगदान केवल एक चिकित्सीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

मुख्यमंत्री सोमवार को रांची के बरियातू रोड स्थित एक होटल में मोहन फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘ऑर्गन एंड टिश्यू डोनेशन’ विषयक कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाज में अभी भी अंगदान को लेकर जागरूकता की कमी है, जिसे दूर करने के लिए व्यापक अभियान चलाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि अंगदान से जुड़े कानूनी प्रावधानों और प्रक्रियाओं की सही जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। राज्य सरकार इस दिशा में लगातार प्रयासरत है और स्वास्थ्य संस्थानों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से इस अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसके परिजनों से संवेदनशीलता के साथ अंगदान के विषय में संवाद स्थापित किया जाना चाहिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सके। उन्होंने कहा कि सही समय पर लिया गया एक निर्णय कई परिवारों के जीवन में खुशियां वापस ला सकता है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रही तकनीकी प्रगति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज रोबोटिक सर्जरी, लिवर ट्रांसप्लांट और किडनी प्रत्यारोपण जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। झारखंड सरकार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, मणिपाल ऑर्गन शेयरिंग के कंट्री हेड कर्नल अवनीश, मोहन फाउंडेशन की कंट्री हेड ललिता राघुराम, डॉ. विजय कुमार मिश्रा, डॉ. बी. कश्यप सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।