रांची: रामगढ़ के सामाजिक कार्यकर्ता उपेंद्र पांडेय और उनके सहयोगियों ने मंगलवार को लोक भवन में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पॉलीथिन मुक्त अभियान के तहत चलाए जा रहे जनजागरूकता कार्यक्रमों और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।


प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि इस अभियान के माध्यम से लोगों को पॉलीथिन के उपयोग से बचने और कपड़े तथा अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए “सेल्फी विद झोला” अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसे लोगों का सकारात्मक समर्थन मिल रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों और शिक्षकों को जागरूक करने के लिए विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही, अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए लोगों को प्रेरित कर हरित वातावरण बनाने का संदेश भी दिया जा रहा है।
अभियान से जुड़े लोगों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में लगभग 45 हजार पर्यावरण अनुकूल थैलों का निर्माण कर उनका वितरण किया गया है। इससे पॉलीथिन के उपयोग को कम करने और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने में मदद मिली है।
राज्यपाल को अभियान की गतिविधियों और इसके सामाजिक प्रभावों की भी जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए आगे भी जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे। उनका मानना है कि जनभागीदारी के माध्यम से ही पॉलीथिन मुक्त और स्वच्छ पर्यावरण के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

