रांची में अतिक्रमण के खिलाफ निगम की बड़ी कार्रवाई, अरगोड़ा से कचहरी रोड तक हटाए गए अवैध कब्जे

Spread the love

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद राजधानी रांची को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान तेज हो गया है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव के निर्देश पर रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थलों से अवैध कब्जे हटाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

इसी क्रम में मंगलवार को निगम की टीम ने अरगोड़ा चौक से डिबडीह पुल और कचहरी रोड क्षेत्र तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे बने अस्थायी निर्माण, फुटपाथ पर लगी दुकानें और नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।

अरगोड़ा चौक के सामने अस्थायी ढांचे हटाने के दौरान निगम की टीम और दुकानदारों के बीच बहस भी हुई। दुकानदारों ने मानसून को देखते हुए बाहर लगाए गए शेड को कुछ समय तक नहीं हटाने की मांग की, लेकिन निगम अधिकारियों ने नियमों का हवाला देते हुए मांग मानने से इनकार कर दिया।

इसके बाद निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 10 अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। वहीं कचहरी रोड क्षेत्र में फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों को हटाया गया। अभियान के दौरान कई फुटपाथ दुकानदार अपना सामान समेटते नजर आए। निगम की टीम ने फल और सब्जी समेत चार दुकानों का सामान भी जब्त कर लिया।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सड़क, सरकारी भूमि, फुटपाथ और नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है और नालियों के अवरुद्ध होने से बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या बढ़ जाती है, जिससे आम लोगों को परेशानी होती है।

नगर निगम ने कहा है कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा, सामान जब्त किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।