छत पर सो रहे युवक की गला रेतकर हत्या, पुराने विवाद की आशंका से सनसनी

Spread the love

सिद्धार्थनगर : मोहाना थाना क्षेत्र के दूल्हा शुमाली गांव के पिपरहवा टोले में मंगलवार रात छत पर सो रहे 25 वर्षीय मुकेश गुप्त की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह जब उनकी मां कलावती देवी उन्हें जगाने छत पर पहुंचीं तो खून से लथपथ शव देखकर चीख पड़ीं। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मुकेश के भाई सुरेश की तहरीर पर गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में पुराने विवाद की बात सामने आ रही है। परिवार का कहना है कि मुकेश को पहले जान से मारने की धमकी भी मिल चुकी थी।

बताया गया कि मुकेश मुंबई में काम करता था और करीब 12 दिन पहले ही गांव लौटा था। सीओ विश्वजीत सौरयान ने बताया कि मामले की जांच जारी है, पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और गांव में स्थिति सामान्य है। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।