खरसावां न्यूज: खरसावां पुलिस ने बंद पड़े औद्योगिक प्रतिष्ठान से लोहे की चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में लोहे की कटाई और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को क्षेत्र में चोरी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।


पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 17 जून की शाम करीब 7:30 बजे सूचना मिली थी कि खरसावां थाना क्षेत्र के बुरूडीह गांव स्थित बंद पड़े अभिजीत कंपनी परिसर में कुछ लोग अवैध रूप से प्रवेश कर लोहे की कटाई और चोरी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कंपनी परिसर में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह लोगों को परिसर में लोहे की कटाई और चोरी करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी जब्त किए। बरामद सामान में दो ऑक्सीजन सिलेंडर, दो गैस रेगुलेटर, गैस कटर, कटर पाइप, वेल्डिंग रॉड, नोजल समेत अन्य उपकरण शामिल हैं।
पुलिस का मानना है कि इन उपकरणों की सहायता से कंपनी परिसर के भीतर लोहे की कटाई कर चोरी की जा रही थी। गिरफ्तार सभी आरोपी सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में खरसावां थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान में एसडीपीओ के नेतृत्व में खरसावां थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारियों और थाना की विशेष टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय अन्य चोरी गिरोहों पर भी नजर रखी जा रही है और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

