आदित्यपुर न्यूज: आदित्यपुर नगर निगम को नया नगर आयुक्त मिल गया है। अयाज अनवर ने गुरुवार को आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। उन्होंने अतिरिक्त नगर आयुक्त रवि प्रकाश से कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण करने के बाद अयाज अनवर ने निगम क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं की जानकारी दी।


मीडिया से बातचीत करते हुए अयाज अनवर ने कहा कि शहरी क्षेत्र का समग्र विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों की शुरुआत शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने से की जाएगी। नगर निगम क्षेत्र में मौजूद समस्याओं की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शहर की सभी समस्याओं का समाधान एक साथ संभव नहीं है, इसलिए चरणबद्ध तरीके से योजनाएं बनाकर कार्य किया जाएगा। शहर की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने, सफाई व्यवस्था में सुधार लाने और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए नगर निगम को अधिक प्रभावी और जनहितैषी बनाया जाएगा।
नवनियुक्त नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम की नई टीम और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उनका मानना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल से आदित्यपुर के विकास को नई दिशा मिल सकती है।
पदभार ग्रहण करने के बाद अयाज अनवर ने मेयर संजय सरदार, डिप्टी मेयर अंकुर सिंह और उप नगर आयुक्त पारुल सिंह से मुलाकात की। इस दौरान निगम क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं, विकास योजनाओं और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। नगर निगम प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि नए नगर आयुक्त के नेतृत्व में शहर के विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।

