झारखंड में ट्रैफिक और आपदा प्रबंधन की होगी राज्यस्तरीय समीक्षा, 19 जून को डीजीपी करेंगे बैठक

Spread the love

रांची: झारखंड में यातायात व्यवस्था और आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय ने राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई है। यह बैठक 19 जून को दोपहर 3 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस महानिदेशक (DGP) की अध्यक्षता में आयोजित होगी। राज्य के सभी एसएसपी और एसपी को अद्यतन रिपोर्ट और आवश्यक आंकड़ों के साथ बैठक में शामिल होने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में ट्रैफिक थानों और नए आउटपोस्ट के गठन, ई-चालान प्रणाली, पीओएस मशीनों के उपयोग, यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे, ट्रैफिक सिग्नल, रोड इंडिकेटर, ब्रेथ एनालाइजर, स्पीड गन, बॉडी वॉर्न कैमरा और टोइंग वाहनों की उपलब्धता एवं आवश्यकता का भी आकलन किया जाएगा।

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट की पहचान, पीसीआर एवं हाईवे पेट्रोलिंग टीमों का रिस्पांस टाइम, आई-रेड और ई-डीएआर प्रणाली की प्रगति, राष्ट्रीय राजमार्गों पर एम्बुलेंस की उपलब्धता, जन जागरूकता कार्यक्रम और शिकायत निवारण व्यवस्था की भी समीक्षा होगी।

बैठक में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की तैयारियों पर भी विशेष चर्चा की जाएगी। बाढ़, वज्रपात, भूकंप, सड़क दुर्घटना, खनन दुर्घटना और अन्य संभावित आपदाओं से निपटने की रणनीति, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और उपलब्ध संसाधनों का मूल्यांकन किया जाएगा।

पुलिस मुख्यालय ने सभी जिला पुलिस प्रमुखों को अपने-अपने जिलों की ट्रैफिक व्यवस्था और आपदा प्रबंधन से जुड़ी पूरी जानकारी के साथ बैठक में भाग लेने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि इस समीक्षा बैठक के बाद यातायात प्रबंधन और आपदा राहत व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।