विदेशी नंबरों से धमकी भरे कॉल से सतर्क रहें, रांची पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Spread the love

रांची: राजधानी रांची में इन दिनों विदेशी नंबरों से कारोबारियों और आम लोगों को धमकी भरे कॉल और संदेश मिलने के मामले सामने आ रहे हैं। इसको लेकर रांची पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में रतू और नगड़ी थाना क्षेत्र से ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें कॉल करने वाले खुद को किसी गैंग, आपराधिक गिरोह या उग्रवादी संगठन से जुड़ा बताकर लोगों में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। धमकी देकर पैसे की मांग भी की जा रही है।

रांची पुलिस ने बताया कि भारत के मोबाइल नंबर आमतौर पर +91 कंट्री कोड से शुरू होते हैं। यदि किसी व्यक्ति को +1, +44, +82, +264 या अन्य विदेशी कंट्री कोड वाले नंबरों से व्हाट्सएप कॉल, मैसेज या धमकी मिलती है, तो उसे गंभीरता से लेना चाहिए और सतर्क रहना चाहिए।

पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि ऐसे संदिग्ध कॉल रिसीव न करें और नंबर को तुरंत ब्लॉक कर दें। किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप गतिविधि की शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई जा सकती है।

इसके अलावा, पुलिस ने धमकी भरे कॉल की रिकॉर्डिंग, चैट और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखने की भी सलाह दी है, ताकि जांच के दौरान इन्हें साक्ष्य के रूप में इस्तेमाल किया जा सके। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी अज्ञात व्यक्ति को पैसे न भेजें और अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग या व्यावसायिक जानकारी साझा करने से बचें।

पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में देरी न करें और तुरंत नजदीकी थाना या साइबर सेल को सूचना दें, ताकि अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सके।