पटना : बिहार सरकार ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 10 अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। विभागीय जांच में सामने आई शिकायतों और प्रशासनिक गड़बड़ियों के आधार पर संबंधित अधिकारियों पर विभिन्न स्तर की अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।


जानकारी के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए अधिकारियों पर भूमि संबंधी मामलों, दाखिल-खारिज और राजस्व प्रशासन से जुड़े कार्यों में लापरवाही तथा अनियमितताओं के आरोप हैं। कुछ अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू की गई है, जबकि अन्य के विरुद्ध अलग-अलग दंडात्मक कदम उठाए गए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और कर्तव्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राजस्व विभाग का कहना है कि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सरकारी जमीन, दाखिल-खारिज और राजस्व मामलों में नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी.

