पटना : बिहार में कोचिंग संस्थानों को लेकर चल रही बहस के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी शिक्षा व्यवस्था विकसित करने की दिशा में काम कर रही है, जिससे छात्रों को कोचिंग सेंटरों पर निर्भर नहीं रहना पड़े। उनका दावा है कि भविष्य में सरकारी स्कूलों और कॉलेजों की पढ़ाई इतनी मजबूत होगी कि कोचिंग की जरूरत स्वतः कम हो जाएगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल विकसित किए जा रहे हैं और जिन 211 प्रखंडों में अभी डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां नए कॉलेज खोलने की योजना पर काम चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए आधुनिक सुविधाओं और बेहतर शैक्षणिक माहौल पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सम्राट चौधरी के अनुसार सरकार का लक्ष्य सरकारी शिक्षा व्यवस्था को इतना मजबूत बनाना है कि छात्रों को अतिरिक्त पढ़ाई के लिए कोचिंग संस्थानों का सहारा न लेना पड़े। उन्होंने मॉडल स्कूलों में आम लोगों के बच्चों के साथ नेताओं और अधिकारियों के बच्चों के भी पढ़ने की इच्छा जताते हुए शिक्षा सुधार को राज्य की प्राथमिकता बताया।

