चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत तिरुलडीह थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कुकड़ू प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित चोकेगोड़िया मैदान में शव पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।


जानकारी के अनुसार, सुबह ग्रामीणों ने मैदान में एक वृद्ध व्यक्ति का शव देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
घटनास्थल से एक साइकिल और टॉर्च भी बरामद की गई है। वहीं मृतक के शरीर पर खून के धब्बे दिखाई देने से मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत होता है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक की पहचान चौका-आदारडीह निवासी करीब 60 वर्षीय सनातन गोप के रूप में की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से मृतक की पहचान की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

