गुमला में बारात से लौट रही कार पेड़ से टकराई, दूल्हे के पिता समेत दो की मौत, तीन गंभीर

Spread the love

गुमला: जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह बारात से लौट रही एक कार भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। काले मंदिर के समीप अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में दूल्हे के पिता समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुर्घटना से शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार, बसिया प्रखंड के लोंगा गांव निवासी आकाश साहू उर्फ बजरंग की शादी कुम्हरिया गांव में हुई थी। विवाह समारोह के बाद बाराती अपने गांव लौट रहे थे। दूल्हा-दुल्हन दूसरे वाहन में सवार थे, जबकि दूल्हे के पिता कलेश्वर साहू समेत पांच लोग एक अन्य कार में यात्रा कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि पालकोट के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घाघरा प्रखंड में पंचायत सेवक के पद पर कार्यरत कलेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में गंभीर रूप से घायल दीनबंधु साहू को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं तीन अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पूरे इलाके में मातम का माहौल है।