मुहर्रम को लेकर कपाली पुलिस अलर्ट, जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

Spread the love

सरायकेला-खरसावां: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कपाली ओपी पुलिस ने शनिवार को जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान जुलूस मार्ग की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।

कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे जुलूस मार्ग का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान संवेदनशील स्थलों, संकरी गलियों, बिजली के तारों तथा सड़क की स्थिति का जायजा लिया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।

ओपी प्रभारी ने बताया कि मुहर्रम जुलूस के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान जहां भी छोटी-मोटी समस्याएं सामने आईं, उन्हें समय रहते दूर करने के लिए संबंधित विभागों को अवगत कराने की बात कही गई। साथ ही पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी तैयारी की जा रही है।

पुलिस ने क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ मुहर्रम मनाने की अपील की है। साथ ही अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा नहीं करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। किसी भी सूचना या समस्या की स्थिति में तत्काल कपाली ओपी को सूचित करने की अपील की गई है। पुलिस प्रशासन ने कहा कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सभी का सहयोग आवश्यक है।