तीसरी रेल लाइन कार्य से पलामू की रेल सेवा प्रभावित, 14 ट्रेनें रद्द और 16 एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला रूट

Spread the love

पलामू : दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा चलाए जा रहे तीसरी रेल लाइन निर्माण कार्य के तहत नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य शुरू होने से पलामू जिले की रेल सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। रेलवे प्रशासन ने 22 जून से 28 जून तक 14 यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 22 जून से 27 जून तक 16 महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। इस निर्णय से पलामू, जपला, हैदरनगर और हुसैनाबाद क्षेत्र के हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार चिपादोहर और मंगरा स्टेशन के बीच तीसरी लाइन को मुख्य रेल मार्ग से जोड़ने का कार्य अंतिम चरण में है। इसी कारण नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है। यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की गई है।

परिवर्तित मार्ग से चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में विशाखापट्टनम-बनारस एक्सप्रेस, धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस, हटिया-नई दिल्ली गरीब रथ, टाटानगर-जम्मूतवी एक्सप्रेस, संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस, शक्तिपुंज एक्सप्रेस और नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों का संचालन गढ़वा रोड, डेहरी ऑन सोन, गया, बरकाकाना और चोपन मार्ग से किया जाएगा, जिससे यात्रा अवधि बढ़ सकती है।

वहीं रांची-सासाराम एक्सप्रेस सहित कई यात्री ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द किया गया है। स्थानीय यात्रियों ने रेलवे से वैकल्पिक रेल सेवा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि ट्रेनों के रद्द होने से लोगों को सड़क मार्ग से लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत बढ़ रही है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए अद्यतन जानकारी रेलवे हेल्पलाइन और आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की बात कही है।