जमशेदपुर के कुख्यात अपराधी निसार अहमद उर्फ निशू को गोड्डा जेल भेजा गया, गैंग संचालन की आशंका पर कार्रवाई

Spread the love

जमशेदपुर : शहर के कुख्यात अपराधी निसार अहमद उर्फ निशू को घाघीडीह केंद्रीय कारागार से गोड्डा जेल स्थानांतरित कर दिया गया है। पुलिस और जेल प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई को संगठित अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निसार अहमद पर हत्या, रंगदारी, फायरिंग और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहने के आरोप हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, निसार अहमद के जेल में रहते हुए भी अपने गिरोह के सदस्यों से संपर्क में रहने तथा आपराधिक गतिविधियों को प्रभावित करने की सूचना मिली थी। इस संबंध में जिला पुलिस द्वारा जेल प्रशासन को रिपोर्ट भेजी गई थी। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उसे गोड्डा जेल स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया।

बताया जाता है कि निसार अहमद को 19 जून को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और कई संगीन मामलों में वांछित था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ हत्या, गोलीबारी और रंगदारी समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह पवन यादव हत्याकांड, राजा सिंह हत्याकांड, सोनारी में गणेश सिंह पर बम हमला और आयुष ओझा उर्फ अंशु पर फायरिंग जैसे चर्चित मामलों में भी आरोपी है।

निसार अहमद सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो पोस्ट करने को लेकर भी चर्चा में रहा है। पुलिस का मानना है कि उसे शहर से दूर गोड्डा जेल भेजने से उसके आपराधिक नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिलेगी और जेल से किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगेगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई संगठित अपराध में शामिल अन्य अपराधियों के लिए भी कड़ा संदेश है कि कानून से बचना संभव नहीं है। प्रशासन भविष्य में भी अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।