रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू), रांची के योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विज्ञान विभाग द्वारा भारतीय ज्ञान प्रणाली (IKS), राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), उन्नत भारत अभियान (UBA) एवं ललित कला विभाग के सहयोग से 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तथा विश्व संगीत दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रही।


कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने किया। उन्होंने कहा कि योग मानव जीवन की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने योग को ऊर्जा, सकारात्मकता और आध्यात्मिक उन्नति का माध्यम बताया।
योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. अर्चना मौर्या ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद डॉ. विश्वजीत वर्मा के नेतृत्व में कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) पर आधारित योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं विश्राम क्रियाओं के माध्यम से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान “सामान्य रोगों में मर्म चिकित्सा की उपयोगिता” विषय पर सहायक प्राध्यापक अंजना कुमारी सिंह ने विशेष व्याख्यान एवं प्रदर्शन प्रस्तुत किया।
विश्व संगीत दिवस के अवसर पर संगीत विभाग द्वारा संकीर्तन एवं हनुमान चालीसा का भक्तिमय प्रस्तुतीकरण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक प्राध्यापक स्पर्श उपाध्याय ने किया।
अंत में डीन प्रो. नीलिमा पाठक ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए योग एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

