सरायकेला: गम्हरिया प्रखंड कार्यालय में सोमवार को उस समय विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई जब कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे जाने वाले ज्ञापन को अंचल अधिकारी (सीओ) ने स्वीकार नहीं किया। इस घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रशासनिक रवैये पर नाराजगी जताई तथा इसे जनहित के मुद्दों की अनदेखी बताया।


जानकारी के अनुसार, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष खिरोद सरदार, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता प्रधान, प्रखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला देवी, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष अनिल ठाकुर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं महिला सदस्य आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-35 में सड़क एवं नाला निर्माण से जुड़ी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपने गम्हरिया प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उस समय अंचल अधिकारी बीएलए (Booth Level Agent) से संबंधित बैठक में व्यस्त थे। प्रतिनिधिमंडल ने लगभग 20 मिनट तक बैठक समाप्त होने की प्रतीक्षा की। बैठक समाप्त होने के बाद जब उन्होंने ज्ञापन स्वीकार करने का अनुरोध किया तो अंचल अधिकारी ने इसे लेने से इनकार कर दिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की समस्याओं को सुनना तथा उनसे संबंधित ज्ञापन स्वीकार करना प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी है। ज्ञापन नहीं लिए जाने से कार्यकर्ताओं में आक्रोश और स्थानीय लोगों में निराशा का माहौल है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वार्ड संख्या-35 में सड़क और नाला निर्माण की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने प्रशासन से जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।

