चिपादोहर-बरवाडीह सेक्शन में एनआई कार्य, 14 ट्रेनें रद्द और 16 एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला रूट

Spread the love

रांची/पलामू: दक्षिण पूर्व रेलवे के धनबाद मंडल अंतर्गत चिपादोहर-बरवाडीह-मंगरा रेलखंड में 23 से 27 जून 2026 तक होने वाले नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य को लेकर रेलवे ने ट्रेनों के परिचालन में बड़े बदलाव की घोषणा की है। यात्रियों की सुरक्षा और रेल संरचना को मजबूत बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे इस कार्य के कारण कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है।

रेलवे के अनुसार, एनआई कार्य के दौरान कुल 14 ट्रेनों का परिचालन विभिन्न तिथियों में रद्द रहेगा। इनमें बरकाकाना-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर, बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर, बरवाडीह-चुनार पैसेंजर, गोमो-बरवाडीह पैसेंजर, बरकाकाना-वाराणसी मेमू, डेहरी ऑन सोन-बरकाकाना पैसेंजर तथा रांची-सासाराम एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं।

इसके अलावा झारखंड एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस, शक्तिपुंज एक्सप्रेस, जम्मूतवी एक्सप्रेस, बनारस एक्सप्रेस और भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस समेत 16 लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। ये ट्रेनें अब मुरी, बोकारो, गोमो, गया, सोननगर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होकर संचालित होंगी।

रेलवे ने यह भी बताया कि 23 से 27 जून तक बरवाडीह स्टेशन पर कुछ ट्रेनों का ठहराव अस्थायी रूप से प्रभावित रहेगा। ऐसे में यात्रियों को ट्रेन पकड़ने या उतरने के लिए डाल्टनगंज अथवा मंगरा स्टेशन का उपयोग करना पड़ सकता है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करने की अपील की है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।