सरायकेला: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कपाली ओपी क्षेत्र के डांगोडीह स्थित सामुदायिक भवन में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए मोहर्रम मनाने की अपील की।


बैठक में चांडिल अनुमंडल प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारियों, चांडिल सर्किल इंस्पेक्टर, कपाली ओपी प्रभारी, कपाली नगर परिषद के प्रतिनिधियों तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूस के मार्ग, समय और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि सभी जुलूस पूर्व निर्धारित रूट से ही निकाले जाएंगे तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों और शरारती गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जुलूस मार्गों पर बिजली, पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को भी आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मोहर्रम को शांति, सद्भाव और आपसी सहयोग के साथ मनाने का संकल्प लिया। प्रशासन ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आम जनता का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है।

