आदित्यपुर रेलवे लाइन गोलीकांड में फरार आरोपी सुजीत शर्मा गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

Spread the love

सरायकेला-खरसावां: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शर्मा बस्ती रेलवे लाइन के समीप हुए गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सुजीत शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी शर्मा बस्ती का निवासी बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जनवरी 2026 में शर्मा बस्ती रेलवे लाइन के पास दीपक मिश्रा पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें उन्हें गोली मार दी गई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।

घटना के मुख्य आरोपी राहुल पंडित को पुलिस ने वारदात के अगले ही दिन गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद से पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सुजीत शर्मा को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोलीकांड में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले में फरार सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।