सरायकेला-खरसावां: निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मंगलवार को सरायकेला स्थित सामुदायिक भवन में बने ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस निरीक्षण में राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी (वेयरहाउस) देवदास दत्ता भी उपस्थित रहे।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, मशीनों के रखरखाव तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अभिनव प्रकाश सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
निरीक्षण टीम ने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों, प्रवेश-निकास रजिस्टर, डबल लॉक प्रणाली और सीलिंग व्यवस्था की जांच की। इसके अलावा ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, दस्तावेजों के रखरखाव तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता ने भी सुरक्षा संसाधनों की नियमित जांच एवं रखरखाव पर जोर देते हुए सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने और वेयरहाउस की गतिविधियों पर सतत निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने कहा कि मतदाताओं का विश्वास बनाए रखने के लिए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक है और इसी उद्देश्य से वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाती है।

