सरायकेला-खरसावां: आदित्यपुर थाना के नवनियुक्त थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अंजनी कुमार के पदभार ग्रहण करने के बाद सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों द्वारा उनसे मुलाकात का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह के नेतृत्व में थाना पहुंचा और नवपदस्थापित थाना प्रभारी से शिष्टाचार मुलाकात कर उनका स्वागत किया।


प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अंजनी कुमार को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पुरेन्द्र नारायण सिंह ने उनकी कार्यकुशलता पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आदित्यपुर जैसे औद्योगिक और संवेदनशील क्षेत्र के लिए एक अनुभवी एवं सक्षम अधिकारी की नियुक्ति की गई है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
बैठक के दौरान विकास समिति के सदस्यों ने क्षेत्र में सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया। उन्होंने समय-समय पर सघन एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाने की मांग की। साथ ही नगर निगम क्षेत्र के खेल मैदानों, स्कूलों और कॉलेजों के आसपास नियमित पुलिस गश्ती और निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने समिति के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाने का आश्वासन दिया।
मौके पर कमलेश्वरी पासवान, संध्या प्रधान, मनोज पासवान, एस.एन. यादव, सत्येंद्र प्रभात, संतोष यादव, उदित यादव, कुमार विपिन बिहारी प्रसाद, सोनू पासवान, अवधेश कुमार, संदीप राउत, मिथिलेश कुमार झा, विनोद कुमार सिंह, शैलेंद्र कुमार और संतोष कुमार सिंह समेत समिति के कई सदस्य उपस्थित थे।

