पश्चिमी सिंहभूम की दो लापता नाबालिग लड़कियां दिल्ली से बरामद, मानव तस्करी गिरोह का खुलासा

Spread the love

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड से लापता हुई दो नाबालिग लड़कियों को दिल्ली से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मानव तस्करों ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर दोनों लड़कियों को घर से दूर ले जाकर बेच दिया था। पुलिस की सक्रियता और दिल्ली पुलिस के सहयोग से दोनों पीड़िताओं को सुरक्षित मुक्त कराया गया।

जानकारी के अनुसार, सारुगड़ा पंचायत के कटीगकेल गांव की एक छात्रा मार्च महीने से लापता थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना सेरेंगदा थाना में दर्ज कराई गई। पुलिस जांच के दौरान पता चला कि छात्रा को बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जाया गया है। सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस के सहयोग से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान बरामद छात्रा ने खुलासा किया कि कोमसाई गांव की एक अन्य नाबालिग लड़की को भी इसी तरह दिल्ली ले जाकर बेच दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूसरी लड़की को भी सुरक्षित बरामद कर लिया।

फिलहाल दोनों नाबालिगों को दिल्ली स्थित बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के शेल्टर होम में रखा गया है। सेरेंगदा थाना प्रभारी उमेश कुमार यादव ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जल्द ही दोनों लड़कियों को गोइलकेरा लाकर उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

पुलिस मानव तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।