कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातल्ला क्षेत्र में बुधवार को एक निर्माणाधीन गोदाम में बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान गोदाम का शेड और संरचना का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में कई लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय गोदाम परिसर में लगभग 50 से 60 मजदूर कार्यरत थे। अचानक भारी लोहे की संरचना और शेड गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन टीम और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य में सेना की भी सहायता ली जा रही है। कई घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मलबे को हटाने के लिए क्रेन और गैस कटर की मदद ली जा रही है। प्रशासन का मानना है कि अभी भी कई मजदूर अंदर फंसे हो सकते हैं। राज्य सरकार ने स्थिति की निगरानी के लिए नवान्न में विशेष कंट्रोल रूम बनाया है। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं और लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है।

