चांडिल में सड़क किनारे मिला युवक का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

Spread the love

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूडीह-चौका मुख्य सड़क पर शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बाबूडीह निवासी मकर महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बांदावीर गांव निवासी प्रफुल महतो मकर महतो को अपनी मोटरसाइकिल से घर से लेकर गया था। उसने परिजनों से जल्द लौटने की बात कही थी, लेकिन देर शाम तक मकर महतो घर नहीं पहुंचे। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।

शुक्रवार सुबह तिरुलडीह थाना पुलिस को बाबूडीह-चौका मुख्य सड़क पर एक शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कौशल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।

थाना प्रभारी कौशल कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस फिलहाल उन लोगों से पूछताछ कर रही है, जो मृतक के साथ अंतिम बार देखे गए थे। साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

News Bharat 20