जमशेदपुर: व्यापारियों और दुकानदारों को छोटे मूल्य के लेनदेन में रेज़गारी की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने अपने निरंतर चल रहे सिक्का वितरण अभियान के तहत गुरुवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से ₹5 लाख मूल्य के सिक्कों का वितरण किया।


चैंबर के अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक विभिन्न बैंकों के सहयोग से लगभग ₹55 लाख मूल्य के सिक्कों का वितरण किया जा चुका है। इससे बाजारों में छोटे लेनदेन को सुगम बनाने में व्यापारियों और उपभोक्ताओं को काफी राहत मिली है।
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान चैंबर की प्राथमिकता है। बाजारों में लंबे समय से रेज़गारी की कमी व्यापारियों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई थी, जिसे देखते हुए बैंकों के सहयोग से यह अभियान शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि जब तक बाजार में सिक्कों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने इस सहयोग के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया।
उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने कहा कि छोटे मूल्य के लेनदेन में रेज़गारी की कमी से व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि अभी भी कई व्यापारियों की आवश्यकता के अनुरूप सिक्के उपलब्ध नहीं हो सके हैं। ऐसे में सभी सदस्यों से धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया गया है और चैंबर प्रत्येक सदस्य तक सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है।
सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भरत मकानी ने कहा कि इस अभियान को व्यापारिक समुदाय का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि चैंबर विभिन्न बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक मात्रा में सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि बाजारों में रेज़गारी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
कार्यक्रम में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहायक महाप्रबंधक संजीत कुमार और कैश इंचार्ज अमित डे का विशेष सहयोग रहा, जिसके लिए चैंबर ने उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर चैंबर के उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, सचिव अंशुल रिंगसिया, सचिव विनोद शर्मा सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
News Bharat 20

