महुआडांड़ (लातेहार): मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए महुआडांड़ प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। गुरुवार शाम अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सुलेमान मुंडरी और डीएसपी पूजा कुमारी के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, जवान और प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।


फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर बस स्टैंड, मुख्य चौक, मेन रोड सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।
एसडीओ सुलेमान मुंडरी ने कहा कि मोहर्रम का पर्व पूरे उत्साह और परंपरा के साथ मनाया जाए, लेकिन कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हुड़दंग या अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी पूजा कुमारी ने कहा कि मोहर्रम आपसी एकता और सौहार्द का प्रतीक है। सभी समुदायों से शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
प्रशासन ने बताया कि मोहर्रम जुलूस के दौरान पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात रहेंगे। साथ ही सोशल मीडिया पर भी साइबर सेल की विशेष नजर रहेगी ताकि अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने लोगों से शांति, सद्भाव और आपसी सहयोग बनाए रखते हुए मोहर्रम पर्व को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।
News Bharat 20

