चाईबासा में शराब के नशे में धुत व्यक्ति ने बहू और 10 वर्षीय भतीजी की कुल्हाड़ी से की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा टोरलो गांव (मारीसाई टोला) में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी ही बहू और 10 वर्षीय भतीजी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार आरोपी रमाय बिरवा उर्फ लुगुन शराब पीने का आदी था और आए दिन नशे की हालत में घर आकर गाली-गलौज व झगड़ा करता था। शनिवार को भी वह अत्यधिक नशे की हालत में घर पहुंचा और विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर अपनी 33 वर्षीय बहू ननिका बिरवा पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी 10 वर्षीय भतीजी शर्मिला बिरवा पर भी उसने बेरहमी से वार कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के समय मृतका का पति डोकल सिंह बिरवा खेत में काम करने गया हुआ था। सूचना मिलने पर जब वह घर पहुंचा तो पत्नी और बेटी को खून से लथपथ मृत अवस्था में देखकर बदहवास हो गया। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी रोज शराब पीकर परिवार में विवाद करता था।

घटना की सूचना मिलते ही मंझारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद करते हुए आरोपी रमाय बिरवा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ आरोपी के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश है।