कोडरमा स्टेशन पर ट्रेन में पिस्टल और 24 जिंदा कारतूस के साथ नशे में धुत युवक गिरफ्तार

Spread the love

कोडरमा: कोडरमा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन से एक युवक को पिस्टल और 24 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर आरोप है कि वह नशे की हालत में ट्रेन के कोच में पिस्टल लहराकर यात्रियों को डरा-धमका रहा था। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक ट्रेन में हथियार के बल पर यात्रियों को धमका रहा है। ट्रेन के कोडरमा स्टेशन पहुंचते ही सहायक अवर निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह और सहायक अवर निरीक्षक शैलेश कुमार ने जांच शुरू की। तलाशी के दौरान एक युवक कमर में पिस्टल लगाए कोच में घूमता मिला। इसके बाद जीआरपी ने आरपीएफ के सहयोग से उसे ट्रेन से उतारकर गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक पिस्टल, मैगजीन में लोड छह जिंदा कारतूस तथा एक पाउच में रखे 18 अन्य जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस तरह कुल 24 जिंदा कारतूस जब्त किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान 32 वर्षीय दिवाकर सिंह, पिता सूर्यभान सिंह, निवासी रायपुर, थाना महेशगंज, जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। उसने पुलिस को बताया कि वह प्रयागराज से रांची जा रहा था और पेशे से सुरक्षा गार्ड है।

जीआरपी कोडरमा थाना में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), रेलवे अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।