सरायकेला: सामाजिक सेवा के क्षेत्र में नई पहल करते हुए रविवार को आसनबनी के रंगाखेला स्थित काली मंदिर के पीछे संयोग सेवा फाउंडेशन के कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह के साथ ही स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर रक्तदान किया।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि फडलोगोड़ा उत्क्रमित मध्य विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मेनू देवी थीं, जबकि समाजसेवी तरुण महतो और गोपेश महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर फाउंडेशन कार्यालय का उद्घाटन किया और संस्था की सामाजिक पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
फाउंडेशन के निदेशक सजल महतो और आकाश महतो ने संस्था के उद्देश्य एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक विकास, भोजन वितरण, आपदा राहत सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता करेगी। उन्होंने युवाओं से भी इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर के सहयोग से आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में युवाओं और समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 48 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। सभी रक्तदाताओं को फाउंडेशन की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सुनील महतो, अजय तंतुबाई, दीपक महतो, चंदन कुमार, संतोष महतो, नरेश महतो, विश्वजीत महतो, गुणाधर महतो, कुश महतो, शिबू महतो, राहुल शर्मा, लालटू महतो सहित कई सदस्य एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, एमजीएम अस्पताल की टीम, मीडिया प्रतिनिधियों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

