आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित डीवीसी मोड़ के पास लैंडमार्क सनराइज एनक्लेव, धीरजगंज निवासी मकान मालकिन वैदेही शर्मा पर उनके किरायेदार ने उबलती दाल फेंक दी। इस हमले में वैदेही शर्मा के चेहरे और शरीर का हिस्सा झुलस गया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार, मघमनी साहू और उनकी पत्नी सोनी साहू वर्ष 2023 से वैदेही शर्मा के मकान में किराए पर रह रहे थे। बताया गया कि पिछले करीब एक वर्ष से मकान मालकिन किरायेदार से मकान खाली करने के लिए कह रही थीं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार विवाद भी हुआ था।
बताया जाता है कि 25 जून को वैदेही शर्मा ने मघमनी साहू से मकान खाली करने की तिथि पूछी। आरोप है कि इसी दौरान मघमनी साहू रसोईघर से उबलती हुई दाल लेकर आए और गुस्से में वैदेही शर्मा के चेहरे पर फेंक दी। गर्म दाल गिरने से उनका चेहरा और शरीर का हिस्सा झुलस गया।
घटना की सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को फटकार लगाते हुए 24 घंटे के भीतर मकान खाली करने का निर्देश दिया। पुलिस की सख्ती के बाद मघमनी साहू ने निर्धारित समय के भीतर मकान खाली कर दिया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घायल महिला का उपचार कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में प्राप्त शिकायत और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

