पोटका में ब्रेन मलेरिया का कहर, चार दिन में दो मासूम बहनों की मौत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Spread the love

पोटका (पूर्वी सिंहभूम): पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। हरिना पंचायत के कंदर गांव निवासी महावीर सरदार के परिवार में चार दिनों के भीतर दो मासूम बेटियों की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। सोमवार सुबह एक वर्षीय खुशबू सरदार की एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे चार दिन पहले उनकी आठ वर्षीय बहन सुबोला सरदार की भी ब्रेन मलेरिया से जान चली गई थी। परिवार की तीसरी बेटी भी संक्रमित है और उसका इलाज जारी है।

लगातार दो बेटियों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इलाज, अंतिम संस्कार और तीसरी बेटी के उपचार की चिंता से जूझ रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

ब्रेन मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। विभाग के अनुसार, पोटका में अब तक ब्रेन मलेरिया से चार लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार को सात स्थानों पर विशेष स्क्रीनिंग शिविर लगाकर 465 लोगों की जांच की गई, जिसमें 29 नए संक्रमित मरीज मिले। सभी मरीजों का उपचार शुरू कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध करा दी गई हैं।

एमजीएम अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राठौर ने बताया कि गंभीर मरीजों का इलाज जारी है। वहीं, पोटका विधायक संजीव सरदार ने प्रभावित गांवों का दौरा कर निजी स्तर पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया और लोगों से सतर्क रहने की अपील की। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि प्रभावित क्षेत्रों में अभी तक पर्याप्त संख्या में मच्छरदानियों का वितरण नहीं हुआ है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पोटका अब पूर्वी सिंहभूम में ब्रेन मलेरिया का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बन चुका है। जिले में 66 से अधिक मामलों में करीब 40 मामले अकेले पोटका से सामने आए हैं। बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग स्क्रीनिंग, उपचार और जागरूकता अभियान को और तेज कर रहा है।