जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में नामजद आरोपी एवं डीडी बार के संचालक नीरज सिंह को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद से नीरज सिंह फरार चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार विभिन्न राज्यों में छापेमारी कर रही थी।


पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर राजस्थान में उनका ठिकाना चिन्हित कर कार्रवाई की। फिलहाल उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाने की प्रक्रिया जारी है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में डीडी बार में हुई चाकूबाजी की घटना में हिमांशु सिंह की मौत हो गई थी, जबकि प्रत्यूष आनंद गंभीर रूप से घायल हुए थे।
मृतक के पिता द्वारा दर्ज प्राथमिकी में नीरज सिंह सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था। इस मामले में पहले ही कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि नीरज सिंह की तलाश जारी थी। पुलिस का कहना है कि उनकी गिरफ्तारी से मामले की जांच को नई दिशा मिलेगी और पूछताछ के दौरान घटना से जुड़े अन्य पहलुओं तथा संभावित आरोपियों की भूमिका का भी खुलासा हो सकता है।

