गम्हरिया में जियाडा की 3000 एकड़ जमीन का म्यूटेशन शुरू, 50 साल पुरानी रिकॉर्ड त्रुटि होगी दूर

Spread the love

गम्हरिया: झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (जियाडा) की गम्हरिया क्षेत्र अंतर्गत लगभग 3000 एकड़ भूमि के म्यूटेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में गम्हरिया अंचलाधिकारी (सीओ) प्रवीण कुमार ने बताया कि यह भूमि करीब 50 वर्ष पूर्व जियाडा द्वारा अधिग्रहित की गई थी।

सीओ ने बताया कि भूमि अधिग्रहण के बाद संबंधित रैयतों को नियमानुसार मुआवजा राशि का भुगतान भी वर्षों पहले कर दिया गया था। इसके बावजूद सरकारी राजस्व अभिलेखों में भूमि का नामांतरण जियाडा के नाम पर नहीं हो सका। यही कारण है कि ऑनलाइन रिकॉर्ड में अब तक पुराने रैयतों के नाम दर्ज थे।

उन्होंने बताया कि विभागीय निर्देशों के अनुसार अब इस त्रुटि को दूर करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। जियाडा की ओर से प्राप्त ऑनलाइन आवेदन के आधार पर नियमानुसार म्यूटेशन की कार्रवाई की जा रही है। प्रक्रिया के तहत संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। यदि किसी पक्ष की ओर से आपत्ति प्राप्त होती है तो नियमानुसार सुनवाई के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार ने स्पष्ट किया कि यह किसी नई भूमि के हस्तांतरण का मामला नहीं है, बल्कि पहले से अधिग्रहित भूमि को राजस्व अभिलेखों में सही तरीके से दर्ज करने की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि म्यूटेशन पूरा होने के बाद इस भूमि की अवैध खरीद-बिक्री या गलत तरीके से हस्तांतरण की संभावनाओं पर रोक लगेगी।

प्रशासन का कहना है कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य राजस्व अभिलेखों को अद्यतन करना और औद्योगिक क्षेत्र की भूमि का रिकॉर्ड विधिसम्मत रूप से जियाडा के नाम दर्ज कराना है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।