जमशेदपुर: रोजगार और कैंपस प्लेसमेंट के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रही नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी (NSU) के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सहयोग से आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में दो छात्राओं का चयन विश्वप्रसिद्ध फार्मास्युटिकल कंपनी एबॉट (Abbott) में हुआ है।


चयनित छात्राओं में बी.एससी की छात्रा प्रीति देवगम और बी.फार्मा की छात्रा सृष्टि प्रिया शामिल हैं। दोनों को कंपनी द्वारा 4.2 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर नियुक्त किया गया है। उन्हें फार्मास्युटिकल सेल्स के महत्वपूर्ण पद पर कार्य करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने चयनित छात्राओं और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर में विद्यार्थियों की यह सफलता संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने कहा कि विज्ञान और फार्मेसी जैसे तकनीकी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों का वैश्विक स्तर की कंपनी में चयन होना पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया के दौरान छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक समझ और व्यावसायिक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय के शिक्षकों, फैकल्टी सदस्यों और प्लेसमेंट विभाग को दिया। इस उपलब्धि के बाद विज्ञान एवं फार्मेसी संकाय के विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल है।

