जमशेदपुर: शहर के मुंशी मोहल्ला में हुई फायरिंग की घटना में गंभीर रूप से घायल राहुल की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद उसे तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राहुल पर करीब 30 से 35 युवकों ने हमला किया और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
राहुल के दोस्तों का कहना है कि घटना के पीछे लड़की से जुड़े विवाद की आशंका हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर जांच पूरी होने के बाद ही पहुंचा जाएगा।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

