बोकारो सेक्टर-6D में बड़ा हादसा टला, जर्जर सीढ़ी की रेलिंग टूटकर गिरी, दो परिवार फंसे

Spread the love

बोकारो: बोकारो के सेक्टर-6D स्थित शिव मंदिर के पास आवास संख्या 2358 से 2366 के ब्लॉक में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया। ऊपरी मंजिल की सीढ़ी की जर्जर रेलिंग अचानक टूटकर नीचे गिर गई, जबकि सीढ़ी का फर्श भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद ऊपरी मंजिल पर रहने वाले दो परिवार छोटे बच्चों के साथ फंस गए और डर के कारण नीचे नहीं उतर सके।

स्थानीय निवासी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि लगभग पांच वर्ष पहले भी इसी तरह की स्थिति उत्पन्न हुई थी, जिसके बाद बीएसएल प्रबंधन ने मरम्मत कराई थी। उन्होंने कहा कि इस बार अचानक तेज आवाज सुनाई दी और बाहर निकलने पर देखा कि पूरी रेलिंग नीचे गिर चुकी थी।

ऊपरी मंजिल पर रहने वाली आशा शर्मा ने बताया कि जर्जर सीढ़ियों के कारण परिवारों में दहशत का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के काफी देर बाद तक बीएसएल का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों ने इसे बीएसएल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही बताते हुए क्षतिग्रस्त सीढ़ियों की तत्काल मरम्मत, जर्जर आवासों का सर्वे कराने तथा भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।