बोकारो। एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में होटल आर्यन इंटरनेशनल, जैनामोड़ (बोकारो) में आयोजित राष्ट्रीय रिफ्रेशर एवं फ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए कबड्डी तकनीकी पदाधिकारियों ने भाग लिया और खेल संचालन की आधुनिक तकनीकों, नियमों एवं निर्णय प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।


प्रशिक्षण के दौरान साई के पूर्व प्रशिक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय कोच-ट्रेनर के. जगमोहन ने प्रतिभागियों को कबड्डी के तकनीकी पहलुओं, मैच प्रबंधन तथा निर्णायक की भूमिका से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए दक्ष तकनीकी अधिकारियों को तैयार करना था।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि दक्षिण-पूर्व रेलवे, बोकारो क्षेत्र के एरिया रेलवे मैनेजर विनीत कुमार ने कहा कि किसी भी खेल प्रतियोगिता की निष्पक्षता और सफलता में तकनीकी पदाधिकारियों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने झारखंड कबड्डी संघ की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में बोकारो में राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिताओं के आयोजन पर जोर दिया।
झारखंड कबड्डी संघ के अध्यक्ष बिपिन कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रशिक्षण से तैयार तकनीकी अधिकारी भविष्य में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और संभावित ओलंपिक स्तर की प्रतियोगिताओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने इसे झारखंड और बोकारो के लिए गौरव का विषय बताया।
उत्तर प्रदेश से प्रशिक्षण में शामिल हुई प्रतिभागी सीता सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता, आयोजन व्यवस्था और सीखने का वातावरण बेहद उत्कृष्ट रहा। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां प्राप्त अनुभव और तकनीकी ज्ञान भविष्य की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनके लिए काफी उपयोगी साबित होगा।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा खेलों में तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया गया।

