बोकारो। बोकारो जिले के चास थाना और मुफस्सिल थाना परिसर में शनिवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई कर उनके निष्पादन की प्रक्रिया अपनाई गई। कार्यक्रम में मजिस्ट्रेट जया कुमारी, चास एएसपी वेदांत शंकर, चास थाना प्रभारी दिनेश सिंह, मुफस्सिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल सहित दोनों थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।


थाना दिवस के दौरान भूमि विवाद से संबंधित कुल पांच मामले सामने आए। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनकर आवश्यक कार्रवाई की। वहीं, कुछ ऐसे मामले भी थे जिनमें पुलिस जांच अभी पूरी नहीं हुई है। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ऐसे मामलों में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चास एएसपी वेदांत शंकर ने कहा कि थाना दिवस का मुख्य उद्देश्य भूमि विवादों का समय पर समाधान कर संभावित अपराध और तनाव की स्थिति को रोकना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और कानून सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि भूमि संबंधी विवादों को कानून के दायरे में रहकर सुलझाएं और किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग लें। थाना दिवस के माध्यम से ऐसे मामलों का त्वरित और पारदर्शी समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

