सरायकेला: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान राजनगर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में वाहन चलाते हुए दो चालकों को पकड़ा गया।


वाहन जांच के दौरान दोनों चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें उनके शराब के प्रभाव में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत दोनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया चलाने और बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार रवैया अपनाने की अपील की।
ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन के बाद वाहन न चलाएं। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और अन्य लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।

