सरायकेला जनता दरबार में डीसी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रशासन को सौंपे।

जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने सभी आवेदकों की शिकायतों को एक-एक कर सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि जिन मामलों में विभागीय कार्रवाई आवश्यक थी, उन्हें संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में निष्पादन के निर्देश के साथ भेजा गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने और प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में मुख्य रूप से नवंबर-दिसंबर 2023 में खैगरा कंपनी के अंतर्गत किए गए कार्यों के लंबित मजदूरी भुगतान, नीमडीह स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में छात्रा के नामांकन, राजनगर प्रखंड के एदल पंचायत अंतर्गत रूपनाचना से पचरिकुटुम तक पीसीसी सड़क निर्माण, नीमडीह के लाकड़ी गांव में सेविका चयन में कथित अनियमितता, गम्हरिया प्रखंड के आमडिया बराकरा टोला स्थित यमुना तालाब में स्नान घाट निर्माण तथा सड़क निर्माण जैसी मांगें उठाई गईं।

इसके अलावा अनुकंपा नियुक्ति, भूमि विवाद, विद्युत आपूर्ति, सड़क, पेयजल और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मामलों के आवेदन भी उपायुक्त को सौंपे गए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने कहा कि साप्ताहिक जनता दरबार प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का पारदर्शी और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने के निर्देश दिए।