बोकारो: पुनर्वास भूमि में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में विस्थापित युवा संघर्ष मोर्चा ने शुक्रवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। मोर्चा कार्यकर्ताओं ने बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा और उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार की तस्वीरों पर माला चढ़ाकर सांकेतिक श्रद्धांजलि सभा और भोज का आयोजन किया। प्रदर्शनकारियों ने इसे जिला प्रशासन के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध बताया।


प्रदर्शन के दौरान मोर्चा कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप था कि विस्थापितों की पुनर्वास भूमि में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं, लेकिन संबंधित विभाग और जिला प्रशासन इस मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
मोर्चा के नेताओं ने कहा कि यह श्रद्धांजलि किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि प्रशासन की कथित “कुंभकर्णी नींद” के खिलाफ सांकेतिक विरोध है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इसी मुद्दे को लेकर उपायुक्त का सांकेतिक पुतला दहन और अंतिम यात्रा निकालकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया गया था।
मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष अरुण महतो ने आरोप लगाया कि पुनर्वास भूमि से जुड़े मामलों में भारी गड़बड़ियां हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और जिला प्रशासन मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो विस्थापित न्याय के लिए झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और कथित रूप से जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे।
मोर्चा ने प्रशासन से पुनर्वास भूमि से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और विस्थापित परिवारों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

